ब्रैंडन मॅक्कुलम : अंतरराष्ट्रीय ट्वेंटी-20 क्रिकेट में दो शतक लगाने वाले दुनिया के एकमात्र बल्लेबाज ब्रैंडन मॅक्कुलम ने पिछले दिनों ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा है। न्यूजीलैंड के इस 34 वर्षीय ने अपने अंतिम टेस्ट में टेस्ट इतिहास का सबसे तेज शतक लगाकर दिखा दिया कि वे चाहते तो अभी कुछ वर्षों तक और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल सकते थे। मॅक्कुलम के नाम अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन (2140) भी दर्ज है और क्रिकेट प्रेमियों को उनकी कमी अवश्य खलेगी।
मिचेल स्टार्क : ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजी आक्रमण की जान मिचेल स्टार्क पिछले वर्ष से पैर में स्ट्रेस फ्रेक्चर के कारण मैदान से दूर है। ऑस्ट्रेलियाई टीम प्रबंधन ने 2015 में स्टार्क को आराम का मौका नहीं दिया, जिसके चलते वे टी-20 प्रारूप में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। 26 वर्षीय यह गेंदबाज पिछले वर्ष हुए वन-डे विश्व कप में 22 विकेट लेकर मैन ऑफ द टूर्नामेंट था और उनकी कमी फैंस को खलेगी।
कुमार संगकारा : श्रीलंकाई क्रिकेट दिग्गज कुमार संगकारा वैसे तो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, लेकिन 38 वर्षीय ने हाल ही में पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में क्वेटा ग्लैडिएटर्स की तरफ से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने दिखा दिया कि उनमें अभी भी बहुत दम है। पिछले वर्ष वन-डे विश्व कप में उनका बल्ला भी ख़ूब गरजा था। उन्होंने टी-20 विश्व कप में 31 मैचों में 25.42 की औसत से 661 रन बनाए हैं।
सुनील नरेन : धुरंधर स्पिनर सुनील नरेन का ट्वेंटी-20 विश्व कप के लिए वेस्टइंडीज की टीम में चयन हुआ था, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंदबाजी से प्रतिबंधित नरेन ने गेंदबाजी एक्शन में सुधार के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाने के लिए टीम से नाम वापस ले लिया। 27 वर्षीय नरेन ने पिछले वर्ष नवंबर से कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। उनकी अनुपस्थिति डैरेन सैमी की टीम के लिए भारी साबित हो सकती है।
किरोन पोलार्ड : वेस्टइंडीज के किरोन पोलार्ड अपनी ऑलराउंड काबिलियत की वजह से टी-20 प्रारूप में बहुत उपयोगी साबित होते है। 28 वर्षीय पोलार्ड को कैरेबियाई टीम में शामिल किया गया था, लेकिन घुटने की चोट से पूरी तरह नहीं उबर पाने के कारण उन्होंने टीम से नाम वापस ले लिया। बड़े शॉट्स खेलने में माहिर यह उपयोगी गेंदबाज विश्वस्तरीय फील्डर भी है।
स्टुअर्ट ब्रॉड : टेस्ट प्रारूप में इंग्लैंड के स्टार गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड को सिलेक्टर्स ने टी-20 विश्व कप के लिए टीम में जगह नहीं दी है। 29 वर्षीय ब्रॉड ने विश्व कप के लिए टीम में नहीं चुने जाने पर निराशा व्यक्त की थी। ब्रॉड के अनुभव की कमी इंग्लिश टीम को खल सकती हैं।
मोर्ने मॉर्केल : दक्षिण अफ्रीकी टीम के गेंदबाजी आक्रमण की जान मोर्ने मॉर्केल को इस बार विश्व कप के लिए टीम में जगह नहीं मिल पाई। सिलेक्टर्स ने अनुभवी डेल स्टेन के साथ काइल एबॉट और केगिसो रबादा को प्रमुखता दी और मॉर्केल को बाहर रखा। डेल स्टेन के फिटनेस को लेकर संदेह व्यक्त किया जा रहा था जिससे मॉर्केल की टीम में वापसी की उम्मीद जागी थी लेकिन अब स्टेन ने खुद को फिट बताया है।
साभार न्यूज़ एजेंसी
हमारा ईमेल - news@nbtvindia.com/ editor@nbtvindia.com
Comments
Post a Comment
शुक्रिया दोस्तों आपने अपने कीमती वक़्त से हमको नवाज़ा, हमारी कोशिश यही रहती कि आपको सच से सामना कराया जाये.
हमारा ईमेल - news@nbtvindia.com/ editor@nbtvindia.com