नग्न वीडियो के लिए 370 करोड़ रुपए का मुआवज़ा ?

अमरीकी खेल रिपोर्टर इरीन एंड्रयूज़ को एक होटल में फ़िल्माए गए उनके नग्न वीडियो के लिए अदालत ने 5.50 करोड़ डॉलर यानी लगभग 370 करोड़ रुपए का मुआवज़ा देने
को कहा है.

37 वर्षीय एंड्रयूज़ फ़ॉक्स स्पोर्ट्स की रिपोर्टर हैं.
साल 2008 में नैशविले होटल में माइकल डेविड बैरेट ने उनका नग्न वीडियो फ़िल्माया था, बाद में उन्होंने उस वीडियो को ऑनलाईन जारी कर दिया.

एंड्रयूज़ ने बैरेट और दो अन्य कंपनियों के ख़िलाफ़ मानहानि का मुक़दमा किया था.
अदालत के इस फ़ैसले के बाद एंड्रयूज़ रो पड़ीं और अपने वकील और परिवार वालों को गले लगाया. बाद में ट्वीटर पर एक बयान जारी कर उन्होंने अदालत, जज, अपने वकील और परिवार वालों का आभार जताया.

उन्होंने कहा कि दुनिया भर के तमाम ऐसे पीड़ितों का समर्थन मिलने से वह सम्मानित महसूस कर रही है. एंड्र्यूज़ ने कहा, "उनके आगे आने से ही मुझे वह ताक़त मिली जिससे मैं उन लोगों के ख़िलाफ़ खड़ी हो सकी और उन्हें ज़िम्मेदार ठहरा सकी जिनका काम सभी लोगों की सुरक्षा और निजता की हिफ़ाज़त करना है.

शिकागो की एक बीमा कंपनी के मैनेजर बैरेट ने यह स्वीकार किया कि उन्होंने एंड्रयूज़ को निशाना बनाया था. उन्होंने पैसा कमाने के लिए ऐसा किया था. जब वेबसाइट 'टीएमजेड' ने इस वीडियो के लिए बैरेट को पैसे देने से इंकार कर दिया, उन्होंने उस वीडियो को ऑनलाइन अपलोड कर दिया. बैरेट को एंड्रयूज़ का पीछा करने का दोषी पाया गया. उन्होंने होटल के कमरे के दरवाज़े के छेद में बदलाव कर एंड्रयूज़ का नग्न वीडियो बनाया था. इसके लिए उन्हें दो साल और छह महीने की क़ैद की सज़ा सुनाई गई. अदालत को यह तय करना था कि होटल मालिक, वेस्ट एंड होटल के पार्टनर और विंज़र कैपिटल ग्रुप के पूर्व ऑपरेटर को भी इस मामले में दोषी ठहराया जाए या नहीं?

 जिरह के दौरान एंड्रयूज़ के वकील का कहना था कि बैरेट सभी दोष अपने उपर इसलिए लेना चाहते हैं कि एंड्रयूज को मानहानि के मुक़दमे से ज़्यादा रक़म न मिले. एंड्रयूज़ ने कहा कि पीछा किए जाने की वजह से वे बेहद डर और चिंता में थीं. इस वजह से ही वे अवसाद में थीं. उन्होंने अदालत को बताया कि वह इस हादसे से इतना डर गई थीं कि होटल के एसी और चेंजिंग रुम में भी फिर से रिकॉर्डिंग किए जाने के डर से छुपे हुए कैमरे की तलाश करती थी. 

अपनी गवाही के दौरान बार-बार रोते हुए उन्होंने कहा कि वीडियो बनने से मैंने बहुत अपमानित और लज्जित महसूस किया था. उन्होंने रोते हुए कहा कि उनके लिए वह सबसे ख़राब वक्त़ था जब कहा गया कि उन्होंने मशहूर होने के लिए अपना वीडियो ख़ुद जारी किया था. उन्होंने कहा, "सब कह रहे थे कि मैंने लोकप्रियता पाने के लिए ऐसा किया था." बैरेट ने कहा कि उन्होंने ऐसा इसलिए किया था क्योंकि एंड्रयूज़ बेहद लोकप्रिय थीं..

Comments