जब भाजपा नेता ने प्राचार्य को चप्पल-जूतों से पीटा ?

गाडरवारा (नरसिंहपुर)- बच्चों के विवाद में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष व भाजपा नेता महेन्द्र नागेश ने पत्नी व साले के साथ मिलकर बोहानी स्थित नवोदय स्कूल के प्राचार्य के.सुरेश बाबू की जूतों व चप्पलों से पिटाई कर घायल कर दिया। बीच-बचाव करने आए अन्य शिक्षकों के साथ भी
बदसलूकी कर मारपीट की गई।

इस मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेशकर जेल भेज दिया है। घटना मंगलवार सुबह करीब दस बजे की है। बताया गया कि आरोपी महेन्द्र नागेश का पुत्र मयंक नागेश नवोदय स्कूल में पढ़ता है और वहीं के तीन छात्रों ने सोमवार की रात उसके साथ मारपीट की थी। इससे मयंक की आंख व गाल में चोट आई थी।

मंगलवार को प्राचार्य ने उन छात्रों पर कार्रवाई करने की बात भी कही थी लेकिन जैसे ही महेन्द्र नागेश और उनकी पत्नी विनीता नागेश ने अपने बेटे के चेहरे पर चोट के निशान देखे तो वे आगबबूला हो गए और गुस्से में प्राचार्य के चेम्बर में घुसे और विवाद के साथ मारपीट कर दी। मारपीट में महेन्द्र का साला राकेश मेहरा भी शामिल था।

इस दौरान बीच बचाव करने आए अन्य शिक्षकों के साथ भी मारपीट की गई। वहीं आरोपी महेन्द्र नागेश का कहना था कि मैंने प्राचार्य से आरोपी छात्रों पर सख्त कार्रवाई करने व टीसी देने की बात कही थी लेकिन प्राचार्य भड़क उठे और उनके बच्चे पर झूठे आरोप लगाने लगे.

भाजपा नेता ने मारपीट की है जिससे नाक में चोट आई है और चश्मा टूट गया है। हम शिकायत दर्ज कराने गाडरवारा थाने आए हैं,
के सुरेश बाबू, प्राचार्य
मांगी थी टीसी
मेरा बच्चा नवोदय में पढ़ता है जिसके साथ स्कूल के कुछ बच्चों ने मारपीट की है। हमनें प्राचार्य से उन बच्चों पर कार्रवाई करने और उनकी टीसी निकालने कहा था। लेकिन उनका रवैया ठीक नहीं था।
महेंद्र नागेश, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष
घटना के बाद प्राचार्य समेत अन्य शिक्षकों ने गाडरवारा थाने पहुंचकर गोटेगांव निवासी महेन्द्र नागेश, उनकी पत्नी विनीता व साले राकेश मेहरा के खिलाफ मामला दर्ज कराया, एसआई गोपिन्द्र सिंह राजपूत ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां शाम को उन्हें जेल भेज दिया गया है.


साभार- एजेंसी 

Comments